उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा को तगड़ा झटका, दिनेश चंद्र मास्टरजी ने संगठन से लिया स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति
देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य दिनेश चंद्र मास्टरजी ने संगठन से हर प्रकार की सदस्यता और दायित्वों से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने की घोषणा कर दी है।
उन्होंने संगठन के अध्यक्ष बॉबी पंवार को संबोधित पत्र में लिखा है कि वे दिनांक 19 फरवरी 2026 से अपने पद से मुक्त समझे जाएं और उनकी जिम्मेदारियां किसी अन्य उपयुक्त साथी को सौंप दी जाएं।
अपने पत्र में मास्टरजी ने कहा कि उनका जुड़ाव और लगाव हमेशा प्रदेश और प्रदेशवासियों के साथ रहा है और प्रदेश हित के लिए वे आगे भी कार्य करते रहेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब वे राजनीतिक और सामाजिक लड़ाइयों को स्वतंत्र रूप से निर्णय लेकर लड़ना चाहते हैं।
पत्र में उन्होंने संगठन द्वारा दिए गए सम्मान, जिम्मेदारी और साथ के लिए आभार व्यक्त किया है और आजीवन आभारी रहने की बात कही है।
दिनेश चंद्र मास्टरजी के इस फैसले को उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में अब इस निर्णय के पीछे के कारणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
फिलहाल संगठन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




