✍️ मनमोहन भट्ट, मोरी(उत्तरकाशी)।
विकट पर्वतीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की सशक्त मिसाल पेश करते हुए हंस अस्पताल जखोल की निःशुल्क मोबाइल मेडिकल यूनिट ने एक बार फिर मानवता और सेवा भाव का परिचय दिया है।
ग्राम पांव तल्ला, ब्लॉक मोरी निवासी 40 वर्षीय श्रीमती खजानी देवी को आज गांव में एक बैल ने अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हादसे में महिला के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई, जिससे उनकी हालत नाजुक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जखोल स्थित हंस अस्पताल की निःशुल्क मोबाइल मेडिकल यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित महिला को सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया।
समय पर मिली चिकित्सा सहायता से महिला की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। परिजनों ने दुर्गम क्षेत्र में भी त्वरित स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए हंस अस्पताल एवं मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही हैं, जिससे आपात स्थितियों में लोगों को समय पर जीवन रक्षक उपचार मिल पा रहा है।




