
टैक्सी-स्कूटी विवाद के बीच भवाली टैक्सी यूनियन उपाध्यक्ष का बड़ा बयान।
भवाली (नैनीताल),
24 जून 2025। पवन रावत,
कैंची धाम मार्ग पर टैक्सी-स्कूटी/बाइक संचालन को लेकर चल रहे विवाद के बीच भवाली टैक्सी यूनियन ने स्पष्ट किया है कि अब से दोपहिया टैक्सी सेवाएं प्रशासनिक अनुमति के तहत, रसीद आधारित शुल्क प्रणाली से संचालित होंगी।
यूनियन के उपाध्यक्ष श्री संजय लोहनी ने बताया कि, कुछ समय से यूनियन पर आरोप लगाए जा रहे थे कि स्कूटी/बाइक चालकों से ₹100 प्रतिदिन शुल्क बिना रसीद के लिया जा रहा है। अब इस भ्रम को दूर करने के लिए यूनियन ने प्रशासन से 30–35 दोपहिया वाहनों की अनुमति ली है। अब ये सभी वाहन यूनियन के अधीन, रसीद देकर वैध रूप से संचालित होंगे।
➤ अब नंबर अनुसार कैंची धाम जाएंगी स्कूटी टैक्सियाँ
संजय लोहनी ने बताया कि टैक्सी–स्कूटी दोपहिया वाहन अब बारी-बारी से नंबर प्रणाली के आधार पर भवाली से कैंची धाम के लिए चलेंगी, जिससे न सिर्फ अव्यवस्था पर लगाम लगेगी, बल्कि बाहरी तत्वों द्वारा अवैध वसूली की आशंका भी समाप्त होगी, और हम भवाली के स्थानीय युवाओं को मिल रहे रोजगार के लिए प्रतिबद्ध हैं, उन्होंने कहा। अब जब सेवा व्यवस्थागत हो रही है, स्थानीय युवाओं को इसका लाभ दिया जाएगा।
यूनियन के अनुसार, शीघ्र ही टैक्सी-स्कूटी सेवा के लिए निर्धारित अधिकृत शुल्क (Fare) तय किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को पारदर्शी व सुविधाजनक सेवा मिले। साथ ही, आगे बताया कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई अवैध वसूली न हो।
मुख्य बिंदु:
1. 30–35 दोपहिया वाहनों को प्रशासनिक स्वीकृति
2. वैध सेवा हेतु रसीद व्यवस्था लागू
3. नंबर प्रणाली से कैंची धाम सेवा
4. स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता
5. जल्द तय होगा किराया
भवाली से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों को अब सुव्यवस्थित और पारदर्शी टैक्सी–स्कूटी सेवा का लाभ मिलेगा। प्रशासन व यूनियन मिलकर व्यवस्था को मजबूत करने में जुटे हैं।