उत्तराखंड में मतदाता मैपिंग अभियान ने पकड़ी रफ्तार,महिला और युवा मतदाताओं पर रहेगा विशेष फोकस।
देहरादून-30 जनवरी 2026
उत्तराखंड में आगामी एसआईआर (स्पेशल रिवीजन) से पहले निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की मैपिंग का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए ACEO डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि राज्यभर में अब तक लगभग 75 प्रतिशत मतदाता मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर प्रगति संतोषजनक है, हालांकि देहरादून और उधमसिंह नगर जनपदों में मैपिंग की रफ्तार अपेक्षाकृत कम है, जहां क्रमशः 57 प्रतिशत और 59 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हो पाया है।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) लगातार मतदाताओं से संपर्क में हैं और बीएलओ ऐप के माध्यम से मैपिंग के साथ-साथ जागरूकता गतिविधियां चला रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 1 फरवरी से 15 फरवरी तक एक विशेष अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें महिला मतदाताओं और उन युवा मतदाताओं की पहचान की जाएगी जिनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नहीं था, लेकिन उनके माता-पिता या दादा-दादी का नाम शामिल था। इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर महिलाओं के मायके से संबंधित विवरण और युवाओं की पारिवारिक कड़ी को “एज़ ए प्रोजेनी” मैप करेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य में बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी तेज़ी से चल रही है। अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा 12,070 बीएलए नामित किए जा चुके हैं, जिनमें सबसे अधिक नियुक्ति भाजपा और कांग्रेस द्वारा किए गए हैं। निर्वाचन आयोग को उम्मीद है कि आने वाले एक माह में सभी बूथों पर बीएलए की नियुक्ति पूरी हो जाएगी।




