प्रधान संगठन नौगांव में बढ़ा विवाद, जिला अध्यक्ष पर संगठन के बैनर के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप
48 घंटे का अल्टीमेटम, माफी नहीं मांगी तो आंदोलन की चेतावनी
नौगांव/उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद में प्रधान संगठन के भीतर चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। विकासखंड नौगांव के प्रधान संगठन ने जिला प्रधान संगठन अध्यक्ष पर संगठन के बैनर का कथित तौर पर व्यक्तिगत राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला अध्यक्ष के रवैये की निंदा करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है।
प्रधान संगठन नौगांव की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 1 सितंबर 2026 को जिला प्रधान संगठन अध्यक्ष द्वारा जिला संगठन के बैनर का इस्तेमाल कर एक कार्यालय में पहुंचकर लगाए गए आरोप-प्रत्यारोप व्यक्तिगत राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित थे। संगठन ने इन आरोपों को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है।
संगठन का आरोप है कि जिला अध्यक्ष ने किसी भी पदाधिकारी अथवा ब्लॉक अध्यक्ष से अनुमति या जानकारी लिए बिना संगठन के बैनर का इस्तेमाल किया। वहीं, यमुनोत्री विधानसभा के विधायक को लेकर जिला अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को भी नौगांव प्रधान संगठन ने उनका व्यक्तिगत बयान बताया है। संगठन का कहना है कि नौगांव समेत जिले के अधिकांश प्रधानों का विधायक से लगाए गए इन आरोपों से कोई लेना-देना नहीं है।
‘संगठन का बैनर किसी की निजी जागीर नहीं’
प्रधान संगठन नौगांव ने दो टूक कहा कि संगठन का बैनर किसी व्यक्ति की निजी जागीर नहीं है और इसका इस्तेमाल व्यक्तिगत राजनीति के लिए नहीं किया जा सकता। संगठन ने जिला अध्यक्ष के पद की गरिमा बनाए रखने की भी मांग की है।
जिला अध्यक्ष के सामने रखी दो मांगें
विवाद को लेकर नौगांव ब्लॉक प्रधान संगठन ने जिला अध्यक्ष के सामने दो स्पष्ट विकल्प रखे हैं। संगठन की पहली मांग है कि यदि जिला अध्यक्ष व्यक्तिगत राजनीति करना चाहते हैं तो उन्हें प्रधान संगठन के गरिमामय पद से तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
दूसरी ओर, यदि वे पद पर बने रहना चाहते हैं तो यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के समस्त प्रधानों और प्रधान संगठन नौगांव से सार्वजनिक रूप से लिखित माफी मांगने के साथ भविष्य में संगठन के बैनर का इस प्रकार इस्तेमाल नहीं करने का लिखित आश्वासन देने की मांग की गई है।
48 घंटे में माफी नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
प्रधान संगठन नौगांव ने जिला अध्यक्ष को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के भीतर माफी नहीं मांगी गई तो नौगांव विकासखंड के प्रधान अन्य ब्लॉकों के प्रधानों के साथ मिलकर जिला अध्यक्ष के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी स्थिति में होने वाले आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी जिला अध्यक्ष की स्वयं की होगी।
अब देखना होगा कि 48 घंटे के इस अल्टीमेटम के बाद प्रधान संगठन के भीतर चल रहे विवाद का समाधान निकलता है या मामला आंदोलन तक पहुंचकर और अधिक तूल पकड़ता है।




