सुबह की सैर बनी जिंदगी की आखिरी सैर, तेज रफ्तार बोलेरो ने ली जान
ऋषिकेश : हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से सुबह की सैर पर निकले एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जंगलात चौकी के समीप हुआ। मृतक की पहचान छिद्दरवाला के चकजोगीवाला निवासी गुमान सिंह बिष्ट के रूप में हुई है।हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह बोलेरो कार देहरादून की ओर जा रही थी। जंगलात चौकी के समीप अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हाईवे किनारे पैदल सैर कर रहे गुमान सिंह बिष्ट को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी। उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान गुमान सिंह बिष्ट निवासी चकजोगीवाला, छिद्दरवाला के रूप में हुई है।
बताया गया कि गुमान सिंह प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह भी सैर के लिए निकले थे, लेकिन यह उनकी आखिरी सुबह की सैर साबित हुई।
पुलिस ने बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

