चारधाम यात्रा मार्ग पर परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, दो बसों की फिटनेस निरस्तीकरण की संस्तुति
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ऋषिकेश ने 10 एवं 11 जून को सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न श्रेणी के वाहनों के खिलाफ कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान अन्य राज्यों से संचालित स्लीपर बसों की जांच में वाहन संख्या UP22T6294 और UP82T9724 निर्धारित बस बॉडी कोड मानकों का उल्लंघन करते पाए गए। इस पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) एवं संभागीय परिवहन निरीक्षक ऋषिकेश द्वारा दोनों वाहनों की फिटनेस निरस्तीकरण की संस्तुति की गई।
वहीं केदारनाथ-बद्रीनाथ यात्रा के लिए सिंगल परमिट पर संचालित वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। हरिद्वार से संचालित एक वाहन बिना ग्रीन कार्ड के चारधाम यात्रियों को ले जाते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक के लाइसेंस के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वाहन को एआरटीओ कार्यालय में निरुद्ध किया गया। साथ ही संबंधित ट्रैवल एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय देहरादून को भेजी गई है।
इसके अलावा आईएसबीटी ऋषिकेश परिसर में प्रतिबंधित समय पर रात्रि में सवारी बैठाते पाए गए दो मैक्सी वाहनों को भी निरुद्ध किया गया। संबंधित वाहनों के ग्रीन कार्ड निरस्त करने की संस्तुति भी भेजी जा रही है, ताकि भविष्य में यात्रियों की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ न हो।
परिवहन विभाग ने अवैध टूर एंड ट्रेवल एजेंसियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर संयुक्त सत्यापन अभियान चलाने तथा ऋषिकेश क्षेत्र में संचालित अवैध ट्रैवल एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।




