अवैध खनन को रोकने गए वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल के खिलाफ FIR दर्ज करने के मामले में हाईकोर्ट ने विकासनगर कोतवाली के पूरे स्टाफ के तबादले के दिए आदेश
हाईकोर्ट ने विकासनगर कोतवाली का पूरा स्टाफ बदलने को क्यों कहा ?
अवैध खनन को रोकने गए वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल के खिलाफ दर्ज एफआईआर के मामले में हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने विकासनगर कोतवाली के पूरे स्टाफ के तबादले के आदेश दिए हैं। साथ ही केस दर्ज करने वाले अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। एकलपीठ ने मामले में एसएचओ से भी स्पष्टीकरण मांगा है।
अदालत ने कहा कि अवैध खनन रोकने गए अधिकारी पर केस दर्ज करना गंभीर मामला है। शिकायत के अनुसार खनन कारोबारी मनीष चौहान की शिकायत पर एसडीओ राजीव नयन नौटियाल के खिलाफ देर रात करीब 12:15 बजे एफआईआर दर्ज की गई थी।
सुनवाई के दौरान अदालत के सामने एक वीडियो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें कथित तौर पर खनन माफिया के लोग वन विभाग के अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। इस पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो कानून व्यवस्था पर सवाल उठता है।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और अधिकारियों के खिलाफ गलत कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। अदालत ने निर्देश दिया कि एसडीओ को गिरफ्तार न किया जाए।




