सेलाकुई में सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला युवक, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
देहरादून जनपद के सेलाकुई क्षेत्र में निगम रोड पर एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13 मार्च 2026 को थाना एमडीटी को सूचना मिली कि निगम रोड पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही सेलाकुई पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और व्यक्ति को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर भिजवाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उक्त व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान तेजेंद्र सिंह उर्फ तन्नो (36 वर्ष) पुत्र सिंधी, निवासी ग्राम मंजुला पोकाडिया, थाना खटीमा, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक खानाबदोश की तरह इधर-उधर घूमता रहता था।
पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क कर लिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी विकासनगर में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
प्रथम दृष्टया जानकारी में सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था। परिजनों ने भी बताया कि वह मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ था और करीब दो वर्षों से घर से बाहर रह रहा था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




