✍️ भूपेंद्र रावत ब्रह्मखाल/उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद के ब्रह्मखाल स्थित प्रसिद्ध शिव गुफा में महाशिवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर दूर-दराज से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिव गुफा पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। शिव गुफा परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।
सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का तांता शिव गुफा में लग गया। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं बेलपत्र, धतूरा, आक, फल-फूल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। शिवलिंग पर निरंतर जलधारा प्रवाहित होती रही, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
शिव गुफा मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन व्यवस्था, प्रसाद वितरण एवं जलपान की समुचित व्यवस्था की गई। समिति के सदस्यों ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सराहनीय भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती भी की गई थी, जिससे दर्शन सुचारु रूप से चलते रहे।
शिव गुफा के गर्भगृह में प्रवेश कर श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। भक्तों का कहना था कि शिव गुफा में दर्शन मात्र से ही मन को अद्भुत शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है। कई श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचे और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव गुफा क्षेत्र में मेले जैसा माहौल रहा। देर शाम तक भक्तों का आना-जाना लगा रहा और पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्सव का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर शिव गुफा मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, युवा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




