
पिंडर घाटी मेडिकल एसोसिएशन की गोष्ठी:-नशा मुक्ति अभियान पर चर्चा।
सुभाष पिमोली थराली।
वीरवार को उप जिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट की अध्यक्षता में पिंडर घाटी मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारीयों एवं सदस्यों के साथ तहसील सभागार में नशा मुक्ति अभियान पर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में थानाध्यक्ष थराली पंकज कुमार मौजूद रहे और उन्होंने नशा मुक्ति अभियान पर अपने विचार व्यक्त किए ।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य नशा मुक्ति अभियान के तहत नशे की रोकथाम से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई ओर प्रतिबंधित दवाइयों के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी पंकज भट्ट ने सभी मेडिकल स्टोर मालिकों को नशे की समस्या की गंभीरता को समझाते हुए बताया कि यह एक सामाजिक बुराई है, जो ना केवल व्यक्तियों के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि सम्पूर्ण समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है।इस मोके पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सभी फ़्रंटलाइन सक्षम अधिकारियों का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने नशे की रोकथाम के लिए सरकारी प्रयासों और कानूनों के सख्ती से पालन की आवश्यकता पर जोर दिया।
गोष्ठी में उपस्थित विशेषज्ञों ने नशे की रोकथाम में स्वास्थ्य सेवाएँ, समाज के विभिन्न वर्गों की भूमिका, तथा युवाओं में जागरूकता फैलाने के कार्यों पर भी चर्चा की। इस अवसर पर दिनेश जोशी अध्यक्ष पिंडर घाटी मेडिकल एसोसिएशन, ने बताया कि चिकित्सकीय समुदाय का यह कर्तव्य है कि वे नशे की समस्या को लेकर जन जागरूकता बढ़ाएं और चिकित्सीय सहयोग करें।
गोष्ठी में तहसीलदार अक्षय पंकज, जिला महामंत्री खुशाल नेगी , उपाध्यक्ष गौरव जोशी , और संगठन मंत्री कैलाश जोशी आदि उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एकजुट होकर नशा मुक्ति के इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।