शहीद रति राम गुरुंग के बलिदान दिवस पर गूंजा खेल भावना का संदेश, हरक सिंह रावत ने किया बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ
भाऊवाला में महावीर चक्र मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन, पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान।
⊇

देहरादून। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के भाऊवाला में वीर शहीद अनुसूया प्रसाद महावीर चक्र खेल समिति की ओर से राइफलमैन रति राम गुरुंग के बलिदान दिवस पर महावीर चक्र मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने किया।
इस अवसर पर डॉ. हरक सिंह रावत ने देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन करते हुए खेलों को युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के सम्मानित पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति तथा राज्य स्तर पर अपने क्षेत्र और विद्यालय का प्रतिनिधित्व कर प्रतिभा का परिचय देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
आयोजन के माध्यम से जहां शहीदों के बलिदान और उनके योगदान को याद किया गया, वहीं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मान देने का संदेश भी दिया गया।




