*स्कूली बच्चों की सुरक्षा एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने हेतु पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान।*
*वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों एवं चालक-परिचालकों के दस्तावेजों की जांच कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।*
बच्चों की सुरक्षित स्कूली यात्रा सुनिश्चित करने एवं किसी भी संभावित दुर्घटना अथवा अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा स्कूल बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान वाहनों की तकनीकी फिटनेस, निर्धारित क्षमता के अनुरूप बच्चों को बैठाने, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन निकास द्वार, एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों एवं परिचालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।
पुलिस द्वारा वाहन चालकों को निर्देशित किया गया कि बच्चों को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाएं तथा किसी भी परिस्थिति में लापरवाही न बरतें। साथ ही बच्चों को बस में चढ़ाने एवं उतारने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
रिपोर्ट पवन सिंह लिंगवाल




