बीरोंखाल जिला निर्माण एवं जन विकास समिति का सातवाँ वार्षिक अधिवेशन धूमधाम से संपन्न
पाँच विकासखंडों को मिलाकर बीरोंखाल जिला बनाने की मांग फिर हुई बुलंद, नई कार्यकारिणी का गठन
देहरादून, 15 नवंबर 2026।
बीरोंखाल जिला निर्माण एवं जन विकास समिति का सातवाँ वार्षिक अधिवेशन आज दिनांक 15 नवंबर 2026 को गायत्री चेतना केंद्र, बड़ोवाला में उत्साह एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में क्षेत्र के विकास, जिला निर्माण की मांग तथा संगठन को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहदेव सिंह पुंडीर, विधायक सहसपुर, की अनुपस्थिति में समिति के अध्यक्ष डॉ. अरुण प्रकाश ढौंडियाल ने महासचिव श्री मोहन सिंह कंडारी, उपाध्यक्ष श्री महिपाल सिंह कंडारी एवं उपाध्यक्ष श्री मोहन बहुखंडी के साथ संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर महासचिव श्री मोहन सिंह कंडारी ने अध्यक्ष डॉ. अरुण प्रकाश ढौंडियाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात समिति के सभी सदस्यों का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव भूपेंद्र सिंह रावत ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने बीरोंखाल जिले की आवश्यकता और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बीरोंखाल, नैनीडांडा, रिखणीखाल, पोखड़ा एवं थैलीसैंण इन पाँच विकासखंडों को सम्मिलित कर एक नया जिला बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि ये पाँचों विकासखंड भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत दुर्गम एवं दूरस्थ हैं। क्षेत्र के कुछ गांव जिला मुख्यालय से लगभग 240 किलोमीटर दूर हैं, जिसके कारण आम जनता को सरकारी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। शिक्षा व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है। इन पाँच विकासखंडों के विद्यालयों में अध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों की भारी कमी है तथा नियमित प्रधानाचार्यों की उपलब्धता अत्यंत सीमित है। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। कहीं चिकित्सक उपलब्ध हैं तो पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं और जहां सुविधाएं हैं, वहां चिकित्सकों एवं आवश्यक चिकित्सा उपकरणों का अभाव है।
वक्ताओं ने एकजुट होकर उठाई जिला निर्माण की मांग
अधिवेशन में समिति के अध्यक्ष डॉ. अरुण प्रकाश ढौंडियाल, महासचिव मोहन सिंह कंडारी, मेहरबान सिंह रावत पूर्व प्रधानाचार्य ,सूर्य प्रकाश बिष्ट अध्यक्ष गायत्री चेतना केंद्र बड़ोवाला, मोहन बहुखंडी, महिपाल सिंह कंडारी, नरेंद्र रौथान, कैलाश चंद्र ढौंडियाल, राजेंद्र सिंह रावत, कुलदीप बहुखंडी, चंद्रपाल बिष्ट, शिवानी बौड़ाई एवं दीपा कंडारी सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बीरोंखाल जिले का निर्माण क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, जनसुविधाओं और समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
वक्ताओं ने बताया कि बीरोंखाल जिले की मांग वर्ष 2014 से लगातार उठाई जा रही है। वर्ष 2016 में इस मांग को लेकर लगभग 340 दिनों तक आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन किया गया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत ने आंदोलन के बाद बीरोंखाल को तहसील का दर्जा दिया था तथा जिला बनाने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन कई सरकारें बदलने के बावजूद आज तक यह मांग पूरी नहीं हो पाई है।
आंदोलन को गति देने के लिए लिए गए महत्वपूर्ण सुझाव
अधिवेशन में जिला निर्माण की मांग को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया—
जिला निर्माण के लिए शासन एवं प्रशासन को ज्ञापन और प्रस्ताव भेजना।
पांचों विकासखंडों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाना।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों एवं ब्लॉक प्रमुखों को साथ लेकर सरकार के समक्ष मांग रखना।
समिति की सदस्यता का विस्तार कर संगठन को मजबूत बनाना।
सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं को संबंधित विभागों एवं शासन तक पहुंचाना।
युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं मातृशक्ति की भागीदारी बढ़ाना।
सरकार द्वारा सकारात्मक कार्रवाई न होने पर प्रधानमंत्री से मिलने के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजना।
देहरादून के विभिन्न स्थानों पर बैठकों एवं जनसंपर्क के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाना।
पांचों विकासखंडों के अधिकाधिक लोगों को एकजुट कर आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन करना।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जिला निर्माण की यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य, अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की लड़ाई है।
नई कार्यकारिणी का गठन
अधिवेशन के दौरान अध्यक्ष डॉ. अरुण प्रकाश ढौंडियाल ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की घोषणा की। सर्वसम्मति से निम्नलिखित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई—
पदाधिकारी
अध्यक्ष – डॉ. अरुण प्रकाश ढौंडियाल
उपाध्यक्ष – श्री महिपाल सिंह कंडारी
उपाध्यक्ष – श्री मोहन बहुखंडी
महासचिव – श्री मोहन सिंह कंडारी
सचिव – श्री भूपेंद्र सिंह रावत
कोषाध्यक्ष – श्री विक्रम सिंह बिष्ट
प्रचार सचिव – श्री सूर्य प्रकाश सिंह बिष्ट
मुख्य सलाहकार – श्री बलवंत सिंह रावत
कार्यकारिणी सदस्य
श्री नरेंद्र रौथान
श्री राजेंद्र सिंह रावत
श्री चंद्रपाल बिष्ट
श्री प्रेम सिंह रावत
सुश्री शिवानी बौड़ाई
श्रीमती दीपा कंडारी
श्रीमती सुनीता बिष्ट
श्री सतीश चंद्र बौड़ाई
श्री कैलाश चंद मधवाल
श्री भूपेंद्र सिंह बिष्ट
श्री धर्मानंद बौड़ाई
श्रीमती रेनू बिष्ट
श्रीमती सुनीता रावत
एकजुटता से ही साकार होगा जिले का सपना
अधिवेशन के समापन पर सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि बीरोंखाल जिले के निर्माण की मांग को अब और अधिक संगठित, प्रभावी एवं निर्णायक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। पांचों विकासखंडों के लोगों को एक मंच पर लाकर क्षेत्र के अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में यह संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया कि बीरोंखाल जिला केवल प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि पहाड़ के जनमानस की सुविधा, सम्मान, पहचान और उज्ज्वल भविष्य का सपना है।
एक आवाज, एक संकल्प – बीरोंखाल जिला हमारा अधिकार!
रिपोर्ट पवन सिंह लिंगवाल




