संकल्प अभियान के तहत सुद्धोवाला में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में सम्मिलित हुए विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर
देहरादून। बुधवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुद्धोवाला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र-1 एवं आंगनबाड़ी केंद्र-2 में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में सहसपुर विधायक श्री सहदेव सिंह पुण्डीर ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने मातृ एवं शिशु कल्याण, पोषण तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों में सहभागिता करते हुए लाभार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री पुण्डीर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवाएं दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया। उन्होंने माताओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई तथा गर्भवती महिलाओं और बच्चों को आवश्यक पोषण सामग्री एवं उपहार प्रदान किए। इस दौरान पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित की गईं।
विधायक श्री पुण्डीर ने कहा कि मातृ एवं शिशु कल्याण समाज की प्राथमिक जिम्मेदारियों में से एक है। स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे ही सशक्त परिवार एवं स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं एवं बच्चों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे सेवा कार्यक्रम जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ समाज में संवेदनशील जनसेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में महिला एवं बाल कल्याण, पोषण तथा जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं, गर्भवती माताओं एवं बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
श्री पुण्डीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में भी मातृ एवं शिशु कल्याण तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री सुखदेव फर्सवाण, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर श्रीमती रेखा भंडारी, सी.डी.पी.ओ. श्रीमती रेनु लांबा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री श्रीमती संगीता, सहायिका श्रीमती मनोरमा, ग्राम प्रधान श्रीमती निधि गैरोला सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, लाभार्थी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




