ऋषिकेश में ‘सेवा, सुशासन, संवाद’ कार्यक्रम, जनसमस्याओं पर हुआ सीधा संवाद
ऋषिकेश। चंदेश्वर नगर में आज ऋषिकेश नगर निगम की ओर से ‘सेवा, सुशासन, संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऋषिकेश विधायक प्रेम चंद अग्रवाल, नगर निगम महापौर शंभू पासवान और उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता से सीधा संवाद स्थापित करना, स्थानीय समस्याओं को सुनना और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई करना रहा। इस दौरान नगर निगम की ओर से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, योजनाओं और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में पारदर्शी प्रशासन, बेहतर नगर सेवाओं और जनहित से जुड़ी आगामी योजनाओं को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जनता से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
नगर निगम की ओर से कहा गया कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संपर्क मजबूत करने तथा समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जा रहा है।

