विकासनगर पुलिस का 24 घंटे में बड़ा एक्शन, चोरी की बाइक बरामद, हरबर्टपुर से चोरी हुई बाइक के साथ 24 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, नशे की पूर्ति के लिए वाहन चोरी करने का खुलासा
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए दोपहिया वाहन चोरी कर उनके पार्ट्स बेचता था।
पुलिस के अनुसार मेहूवाला खालसा अम्बाड़ी निवासी अब्दुल कादिर ने अपनी UK16D-8414 स्प्लेंडर प्रो बाइक पांवटा रोड, खाला हरबर्टपुर के पास से चोरी होने की ई-FIR दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली विकासनगर में FIR संख्या 278/2026, धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार चेकिंग और सुरागरसी के दौरान पुलिस ने ग्राम कुंजा से हाईवे जाने वाले रास्ते से आरोपी विकास (24), निवासी धौलाकुआं, नाहन रोड, थाना माजरा, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दुपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी के वाहनों के अलग-अलग पार्ट्स बेचकर मिलने वाले पैसों से नशे की पूर्ति करता था।
पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।




