टी-स्टेट से लगे रिहायशी इलाकों की सुरक्षा को लेकर सामंजस्य बैठक, बाउंड्रीवाल, तारबाड़ और सुरक्षा गार्ड लगाने पर बनी सहमति
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में टी-स्टेट से सटे रिहायशी इलाकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में सामंजस्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में टी-स्टेट मैनेजर नीरज शर्मा, सिक्योरिटी अफसर सूरज थापा, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद पंवार सहित क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
बैठक में टी-स्टेट से लगे रिहायशी क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य स्थानीय समस्याओं पर चर्चा हुई। जिन स्थानों पर आवश्यकता है, वहां बाउंड्रीवाल और तारबाड़ लगाने तथा कुछ संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने का आग्रह किया गया।
टी-स्टेट मैनेजर नीरज शर्मा ने इन कार्यों पर सहमति जताते हुए इन्हें शीघ्र शुरू करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की।
बैठक में टी-स्टेट के आसपास और सड़क किनारे कूड़ा-कचरा न फेंकने को लेकर भी चर्चा हुई। इसके लिए स्थानीय लोगों के सहयोग से �एक कमेटी गठित करने पर सहमति बनी। वहीं कैंटोनमेंट बोर्ड और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सुरक्षा की दृष्टि से कुछ स्थानों पर �पथ प्रकाश और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी सकारात्मक सहमति बनी।
बैठक में खिलाफ सिंह बिष्ट, हीरा सिंह गोसाईं, सुरेंद्र राठौर, राजेश सेन, सुप्रिया डोभाल सहित अन्य गणमान्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

