93 वर्षीय बुजुर्ग के लापता होने पर थाना थल पुलिस व SDRF का संयुक्त सर्च अभियान जारी।
थल/ पिथौरागढ़
थाना थल क्षेत्रान्तर्गत एक 93 वर्षीय बुजुर्ग के लापता होने की सूचना पर थाना थल पुलिस एवं SDRF द्वारा संयुक्त रूप से सघन सर्च अभियान चलाया गया।
थाना थल द्वारा थाना थल में सूचना दी गई कि उनके पिता श्री शेर राम (उम्र 93 वर्ष) दिनांक 01.09.2026 को अपराह्न लगभग 03:30 बजे घर से टहलने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की गई, किन्तु उनका कोई पता नहीं चल पाया।
आज परिजनों को सूचना मिली कि कोटाल ताल क्षेत्र में रामगंगा नदी के ऊपर स्थित एक गहरी खाई की झाड़ियों में श्री शेर राम के कपड़े, लाठी एवं हाथ में पहनी हुई राखी जैसी वस्तुएं दिखाई दे रही हैं। सूचना प्राप्त होते ही थानाध्यक्ष थल श्री गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा SDRF को मौके पर रवाना किया गया।
मौके पर पुलिस टीम एवं परिजनों द्वारा संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया गया। खाई अत्यंत गहरी होने के कारण बिना विशेष आपदा एवं रेस्क्यू उपकरणों के वहां तक पहुंचना संभव नहीं था। बाद में अपर उपनिरीक्षक सुन्दर सिंह के नेतृत्व में SDRF टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से खाई में उतरकर गहन खोजबीन की।
सर्च अभियान के दौरान खाई में पड़े खाकी पैंट, चैकदार शर्ट, गुलाबी राखी एवं लाठी की पहचान मौके पर उपस्थित परिजनों द्वारा श्री शेर राम की बताई गई। उक्त सामान की ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी कर नियमानुसार कब्जे में लिया गया।
पुलिस द्वारा शेर राम की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है तथा उनकी तलाश हेतु पुलिस एवं SDRF द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक लापता बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल पाया है।




