फर्जी दस्तावेजों से BOCW बोर्ड की आर्थिक सहायता हड़पने का आरोप, तीन मामलों में FIR दर्ज
हरिद्वार। श्रम विभाग ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) के माध्यम से मिलने वाली मृत्योपरांत आर्थिक सहायता का फर्जी तरीके से लाभ लेने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में तीन आवेदनों में कथित अनियमितताएं सामने आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।
श्रम विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, मेहरवान शाह पुत्र अब्दुल वाहिद, ग्राम सेठपुर, लक्सर; अंजुम पत्नी स्वर्गीय नदीम, ग्राम खेड़ी खुर्द, लक्सर तथा बेबी पत्नी स्वर्गीय मेनपाल, ग्राम खेड़ी मुबारिकपुर, लक्सर के मामलों में स्थानीय जांच कराई गई।
जांच के दौरान सामने आया कि तीनों मामलों में संबंधित लाभार्थियों की मृत्यु आवेदन से पहले ही हो चुकी थी, लेकिन कथित तौर पर मृत्यु से संबंधित अभिलेख तैयार कर विभाग से आर्थिक सहायता प्राप्त करने का प्रयास किया गया।
मामले में सहायक श्रम आयुक्त के निर्देश पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी, हरिद्वार द्वारा संबंधित ग्राम पंचायतों से मृत्यु प्रमाण-पत्रों और अन्य दस्तावेजों की वैधानिकता की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि संबंधित विवरण ग्राम पंचायत के मृत्यु अभिलेखों में दर्ज नहीं थे और प्रमाण-पत्र भी संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय से जारी नहीं किए गए थे।
इसके बाद श्रम विभाग ने तीनों मामलों में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सरकारी लाभ लेने के प्रयास को गंभीरता से लेते हुए FIR दर्ज कराई है। पुलिस स्तर से मामले की अग्रिम वैधानिक एवं जांच कार्रवाई की जा रही है।
भविष्य में भी होगी सख्त कार्रवाई
प्रेस नोट में UKOCW बोर्ड के सचिव प्रकाश चन्द्र दुम्का के हवाले से कहा गया है कि भविष्य में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को मिलने वाले लाभों को फर्जी तरीके से प्राप्त करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यानी सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेने वालों पर अब श्रम विभाग की नजर है।

