✍️ मनमोहन भट्ट, चिन्यालीसौड़/उत्तरकाशी।
पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बिरजा इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़ में नगर पालिका परिषद द्वारा “वेस्ट से बेस्ट” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक एवं उपयोगी कलाकृतियां तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पुराने समाचार पत्र, पुरानी सीडी, प्लास्टिक की बोतलें, रस्सियां, आइसक्रीम स्टिक, जूते के डिब्बे सहित अन्य बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं का उपयोग कर घर, मोटरसाइकिल, मोमबत्ती स्टैंड, कैरी बैग समेत कई उपयोगी और आकर्षक मॉडल तैयार किए। बच्चों की कल्पनाशीलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी सोच ने सभी को प्रभावित किया।
नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली श्याम ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती हैं। उन्होंने उन अभिभावकों की भी प्रशंसा की जिन्होंने अपने बच्चों को इस प्रतियोगिता के लिए प्रेरित और तैयार किया।
प्रतियोगिता में सुजल कानवी ने प्रथम, ज्योति ने द्वितीय तथा तृतीय स्थान अन्य प्रतिभागी ने प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पर्यावरण पर्यवेक्षक दीपक कुमार एवं सिद्धांत बिजलवान ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार नवाचार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.डी. घिल्डियाल सहित राजेश केस्टवाल, सुशील उनियाल, विपिन पंवार, अनिल नौटियाल, कृष्ण सकलानी, आशीष भट्ट एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।




