*नन्दा की चौकी में पुल की एप्रोच रोड का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, शीघ्र आवाजाही बहाल करने के दिए निर्देश*
*देहरादून/विकासनगर, मंगलवार।* चकराता मार्ग स्थित नन्दा की चौकी में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी
प्राप्त की तथा क्षति के कारणों की समीक्षा की।
विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल की एप्रोच रोड की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का कार्य तत्काल युद्धस्तर पर प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि नन्दा की चौकी का यह मार्ग आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक तकनीकी मानकों का पालन करते हुए प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य पूर्ण किया जाए तथा एप्रोच रोड पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही सामान्य यातायात सुचारु किया जाए।
विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि किसी भी सार्वजनिक निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि नवनिर्मित पुल की एप्रोच रोड का इस प्रकार क्षतिग्रस्त होना गंभीर विषय है, जिसकी तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए। यदि जांच में निर्माण कार्य, गुणवत्ता नियंत्रण अथवा पर्यवेक्षण में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं जिम्मेदार एजेंसी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की सुविधाओं एवं सुरक्षित आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा पुल की एप्रोच रोड की मरम्मत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा कर आमजन की परेशानी दूर की जाएगी।




