✍️ मनमोहन भट्ट, डुंडा/उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद में विकासखंड डुंडा की ग्राम पंचायत नवागांव की ग्राम प्रधान श्रीमती लक्ष्मी रमोला ने अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर पंचायत में कराए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया है। जारी रिपोर्ट कार्ड में सड़क, पेयजल, सिंचाई, सुरक्षा दीवार, जनकल्याण, कृषि और सामाजिक योजनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों का उल्लेख किया गया है।
प्रधान द्वारा जारी विवरण के अनुसार पंचायत में सड़क एवं आधारभूत संरचना के तहत पुलिया निर्माण, रास्तों का चौड़ीकरण, टाइल्स बिछाने, रेलिंग निर्माण तथा हाईमास्ट लाइट और सार्वजनिक बेंचों की स्थापना जैसे कार्य कराए गए। वहीं कई स्थानों पर सुरक्षा दीवारों का निर्माण और बाढ़ नियंत्रण के लिए सुरक्षात्मक कार्य भी किए गए।
कृषि एवं जल प्रबंधन के क्षेत्र में नहर निर्माण, पाइप सिंचाई योजना, पॉलीहाउस, वर्मी कम्पोस्ट, मधुमक्खी पालन, पानी के टैंक तथा बागवानी को बढ़ावा देने के लिए पात्र परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई गई।
जनकल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पात्र परिवारों को शौचालय निर्माण, जैविक खाद वितरण, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, बकरी पालन के लिए आर्थिक सहायता, धार्मिक यात्रा तथा पंचायत के लिए सार्वजनिक टेंट की व्यवस्था भी कराई गई।
रिपोर्ट कार्ड में यह भी बताया गया है कि आंगनबाड़ी भवन की स्वीकृति अंतिम चरण में है, जबकि नाग से बनगांव को जोड़ने वाले लिंक रोड के डामरीकरण को वित्तीय स्वीकृति मिलने के पश्चात टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
ग्राम प्रधान श्रीमती रमोला ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य केवल योजनाएं स्वीकृत कराना नहीं, बल्कि उनका धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने पंचायतवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।




