✍️ मनमोहन भट्ट, डुंडा/उत्तरकाशी।
उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के अंतर्गत जलागम विभाग द्वारा जनपद उत्तरकाशी की ग्राम पंचायत चिनाखोली में हरेला पखवाड़े का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार ने की। पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला और हरित उत्तराखंड के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कृषकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान 800 से अधिक फलदार पौधों का सामूहिक रोपण किया गया। इन पौधों के माध्यम से क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डुंडा दिनेश जोशी, जिला पंचायत सदस्य हीरा लाल शाह, क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज भट्ट, ग्राम प्रधान विनोद (बौन), सौरभ (डुंडा), सुरजीत टोलिया (बरसली), एफपीओ अध्यक्ष महेश नौटियाल, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, कृषक मित्र एवं स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारा संकल्प है। उन्होंने सभी से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
जलागम विभाग की इस पहल को स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने, किसानों को जलवायु अनुकूल खेती के लिए प्रेरित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




