✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
सिल्क्यारा टनल में बीती रात हुए हादसे के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी करते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बड़कोट को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान हादसे के वास्तविक कारणों, टनल में अपनाए गए सुरक्षा मानकों, कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारियों तथा किसी भी स्तर पर हुई संभावित लापरवाही की गंभीरता से पड़ताल की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों और सुधारात्मक सुझावों को भी रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित विभागों, कार्यदायी संस्था एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच अधिकारी को घटना से जुड़े सभी दस्तावेज, अभिलेख और आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी हो सके।
गौरतलब है कि सिल्क्यारा टनल में हुए इस हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी किए हैं।




