सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली परिसर में सात दिन से चला आंदोलन अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आश्वासन के बाद समाप्त, अनशनकारी स्वास्थ्य विभाग के लिखित आश्वासन पर माने।
सुभाष पिमोली थराली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर पिछले सात दिनों से चल रहा आंदोलन सोमवार को स्थगित हो गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से लिखित आदेश जारी करने और अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने के लिए एक माह का समय दिए जाने के बाद अनशनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
थराली युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी के नेतृत्व में 10 नवंबर से अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन और अनशन किया जा रहा था। आंदोलनकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता और पर्याप्त चिकित्सा एवं सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती की मांग कर रहे थे।
सोमवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वैष्णव कृष्ण धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। वार्ता के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में डेढ़ माह के बजाय एक माह के भीतर अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने का आश्वासन दिया गया।
इसके साथ ही सप्ताह में दो दिन बुधवार और गुरुवार को महिला बेस चिकित्सालय से सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ तथा निश्चेतक की सेवाएं उपलब्ध कराने के लिखित आदेश दिए गए। वहीं सीएचसी थराली में एक चिकित्सा अधिकारी, दो स्टाफ नर्स और एक एएनएम की नियुक्ति के आदेश भी जारी किए गए। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए युवा कल्याण विभाग के माध्यम से तीन सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का भी आदेश दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सात सूत्रीय मांगों में से छह मांगों पर लिखित कार्रवाई और अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने के लिए निर्धारित समयसीमा मिलने के बाद अनशनकारियों ने धरना स्थगित करने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने मांगों पर सकारात्मक पहल करने के लिए शासन और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया।
हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल आश्वासन के आधार पर स्थगित किया गया है। यदि निर्धारित एक माह के भीतर अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू नहीं होती और अन्य व्यवस्थाएं धरातल पर नजर नहीं आती हैं तो वे एक बार फिर आंदोलन को तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शन करने वालों में उपाध्यक्ष कैलाश जोशी, सचिव पवन रावत, योगेश देवराड़ी, अभिषेक मिश्रा, हरीश चन्दोला, देवकांत देवराड़ी, मोहन राम आर्या, सन्दीप कुमार, योगी ठाकुर, मुकेश पुरोहित, मनवर सिंह, सावन बिष्ट, पूजा शर्मा, हेमलता गड़िया, कला देवी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




