सोनिया ने नीट में सफलता हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने घर पहुंचकर किया सम्मानित
05 सितंबर, देहरादून/विकासनगर।* सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांसवाली कंडोली की होनहार बेटी सोनिया ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर सहसपुर विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर ने उनके आवास पहुंचकर सोनिया को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि सोनिया ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर यह साबित किया है कि प्रतिभा और परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर सोनिया द्वारा हासिल की गई यह उपलब्धि निश्चित रूप से पूरे सहसपुर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। सोनिया की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसी प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से अन्य विद्यार्थी भी अपने लक्ष्य के प्रति और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित होते हैं।
विधायक ने सोनिया की माता श्रीमती बबीता देवी, पिता श्री प्रदीप कुमार एवं समस्त परिवार को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसकी मेहनत के साथ-साथ परिवार, शिक्षकों और समाज का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। सोनिया ने अपनी सफलता से अपने परिवार और गांव के साथ-साथ पूरे सहसपुर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर विधायक श्री पुंडीर ने सोनिया को आगे की चिकित्सा शिक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सोनिया भविष्य में चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगी तथा अपनी मेहनत और प्रतिभा से क्षेत्र का नाम और भी रोशन करेंगी।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य कंचन, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मेद्य सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्यामा देवी, सुद्धोवाला मंडल उपाध्यक्ष अनूप सेमवाल, महेंद्र सिंह, टीकाराम, राजेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




