कूनी-प्रार्था गांव में बहुउद्देशीय शिविर में 40 शिकायतें दर्ज तीस का मौके पर निस्तारण
सुभाष पिमोली थराली।
शनिवार को राजकीय इण्टर कालेज कूनी -प्रार्था में उप जिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित बहुददेशीय शिविर में 40 शिकायतें दर्ज की गई। 30 का मौके पर ही निस्तारण कर बाकी शिकायतों को कार्यवाही के लिए संबधित विभागों भेजा गया। एसडीएम ने कहा कि अधिकारी जन समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करें। उन्होनें कहा कि पंजीकृत समस्याओं की माॅनिटरिंग भी की जायेगी।
कार्यक्रम की शुरूआत अधिकारियों ने परिसर में पौधारोपण के साथ किया। गुमड़ की प्रधान मंजू देवी ने गुमड़-रणकोट-घुंघुटी मार्ग का शीघ्र निर्माण, गुमड़ गधेरे में पुल निर्माण और जल जीवन मिशन में नलों मे पानी नहीं आने की शिकायत की। प्रार्था की प्रधान मीना देवी पिमोली ने थराली-कुराड़-प्रापार्था मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति की शिकायत की उन्होंनें कहा कि बिजली के तार पेड़ों के बीच से होकर गुजर रहे हैं हल्की सी हवा और बारिश में तार टूट रहे हैं और बिजली गुल हो रही है।
ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने कहा कि सरकार जनता के द्वार के तहत जो बहुददेशीय शिविर लगाये जा रहे हैं इसका लाभ जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय बनाकर क्षेत्र में जाकर जनता की समस्यायें सुने व उनकी समस्याओं का समाधान किया जाय। शिविर में 13 विभागों ने अपने स्टॉल लगाये। इस अवसर पर तहसीलदार अक्षय पंकज, बीडीओ नितीश धानिया, सीएमओ अभिषेक गुप्ता, बीईओ एसडीओ अतुल कुमार, जिला पंचायत सदस्य हरी राम सोलियाल, मोहन सिंह गांववासी, मीना देवी, दिवान सिंह आदि मौजूद थे।




