नवीन ठाकुर के साइकिल अभियान से प्रभावित हुए जे.पी. नड्डा, किया उत्साहवर्धन
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान से प्रेरित होकर भाजपा कार्यकर्ता नवीन ठाकुर ने स्थानीय आवागमन के लिए साइकिल को अपना नियमित साधन बना लिया है। उनके इस अनूठे अभियान की सराहना अब राष्ट्रीय स्तर पर भी होने लगी है।
सहसपुर से देहरादून तक प्रतिदिन लगभग 70 से 80 किलोमीटर साइकिल चलाकर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे नवीन ठाकुर के प्रयासों से केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जगत प्रकाश नड्डा भी प्रभावित हुए। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में जे.पी. नड्डा ने नवीन ठाकुर के साथ उनकी साइकिल के पास फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
नवीन ठाकुर ने बताया कि उनका उद्देश्य लोगों को ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यदि छोटी-छोटी स्थानीय यात्राओं में लोग साइकिल का उपयोग करें तो इससे न केवल प्रदूषण कम होगा, बल्कि स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
नवीन ठाकुर का यह अभियान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और युवा वर्ग को भी पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।




