टिहरी में दर्दनाक सड़क हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत
टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के चम्बा क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुमाल्डा मोटर मार्ग पर धोलागिरी के समीप एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 की रात आल्टो कार संख्या UK07 TC 1995 धोलागिरी क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चालक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान अमरपाल पुत्र जय सिंह, निवासी सरस्वती बिहार, दीपनगर, अजबपुर कला, देहरादून के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कुमाल्डा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए दून चिकित्सालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस ने वाहन चालकों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और रात्रि यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।




