देवप्रयाग हादसा: चार शवों की पहचान, तीन लोगों की तलाश में जुटी बचाव टीमें
एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ने दिनभर चलाया सर्च अभियान, नदी से दुर्घटनाग्रस्त कार भी बरामद
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के निकट मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद गंगा नदी में लापता तीन लोगों की तलाश लगातार जारी है। बुधवार को एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ने दिनभर गंगा नदी में सघन सर्च अभियान चलाया, लेकिन लापता लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी शिनाख्त परिजनों द्वारा कर ली गई है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार को भी क्रेन की सहायता से नदी से बाहर निकाल लिया गया है।
देवप्रयाग कोतवाली प्रभारी प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि मृतकों की पहचान दिनेश (27) पुत्र लूडा राम, कमला देवी (62) पत्नी लूडा राम तथा अश्लेषा (22) पुत्री हरीश परिहार, निवासी दरियानाथ की बावड़ी, जिला जैसलमेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। इसके अलावा वाहन चालक अमित गुप्ता (32) पुत्र अजय गुप्ता निवासी लक्सर, हरिद्वार की भी शिनाख्त हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार में कुल आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद एक बालक को गंभीर घायल अवस्था में सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया था। चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन अन्य अब भी लापता हैं।
लापता लोगों की खोज के लिए एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियां संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। गंगा नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। डीप डाइविंग टीम संभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि जारी खोज अभियान के दौरान जल्द ही लापता लोगों का पता लगाया जा सकेगा।




