देहरादून से अंतिम संस्कार के लिए लौट रहे परिवार की गाड़ी खाई में गिरी, पति-पत्नी समेत तीन की मौत, तीन घायल
थराली। चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी और उनके पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में उस समय हुआ जब एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 400 से 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को प्रातः लगभग 05:50 बजे चौकी प्रभारी देवाल उ0नि0 संदीप देवरानी ने थानाध्यक्ष थराली को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके के लिए रवाना हुआ। उपजिलाधिकारी थराली को भी घटना से अवगत कराया गया तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए DDRF टीम को बुलाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्राम बाँक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए गांव ला रहे थे। भजन सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। इसी दौरान बलबीर सिंह अपने परिजनों के साथ वाहन संख्या UK07D-2979 (ईको वैन) से देहरादून से ग्राम बाँक, लोहाजंग लौट रहे थे।
वाहन में कुल छह लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में घायल हुए लोग:
कविता देवी (32 वर्ष) पत्नी खुशाल सिंह
मयंक सिंह (08 वर्ष) पुत्र खुशाल सिंह
रोशनी (18 वर्ष) पुत्री लक्ष्मण सिंह
तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे में मृतक:
बलबीर सिंह (52 वर्ष) पुत्र स्व. नारायण सिंह, निवासी ग्राम बाँक, लोहाजंग
शांति देवी (48 वर्ष) पत्नी स्व. बलबीर सिंह
आंशु बिष्ट (18 वर्ष) पुत्र बलबीर सिंह
पुलिस, DDRF और स्थानीय प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।




