सेलाकुई : भगवानपुर में व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
सेलाकुई थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौक में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर थाना सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार भगवानपुर चौक निवासी सागर सजवान पुत्र कुंदन सिंह सजवान उम्र लगभग 45 वर्ष ने देर रात अपने घर के आंगन में स्थित आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।




