✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने यात्रियों को उच्च गुणवत्ता युक्त भोजन और रात्रि विश्राम की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से होटलों, ढाबों और फूड शॉप पर हो रही ओवररेटिंग पर नियंत्रण के लिए संयुक्त टीमों का गठन किया है।
उक्त के क्रम में उपजिलाधिकारी डुंडा देवानंद शर्मा के नेतृत्व में गठित टीमों ने मातली,बड़ेथी, ब्रह्मखाल, डुंडा, धरासू और चिन्यालीसौड़ क्षेत्रों में स्थित होटलों व ढाबों पर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।राजस्व उप निरीक्षक द्वारा डुंडा बाजार,नालूपानी, शिवगुफा और धौंतरी बाजार में होटल व्यवसायियों को सख्त हिदायत देते हुए निर्धारित दरों से अधिक मूल्य न वसूलें और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। जिन होटलों में खाद्य सामग्री की मूल्य सूची उपलब्ध नहीं थी,उन्हें तत्काल प्रभाव से उचित मूल्य सूची चस्पा करने के निर्देश टीम द्वारा दिए गए।





