“15 अप्रैल से खुद गिनिए अपना घर-परिवार, 25 अप्रैल से शुरू होगा डोर-टू-डोर सर्वे — जनगणना 2027 का बिगुल”
देहरादून: जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई 2026 के बीच कराया जाएगा। इस संबंध में जनगणना निदेशालय द्वारा सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इस बार की जनगणना में एक बड़ा बदलाव किया गया है—आम नागरिकों को स्वगणना (Self Enumeration) का विकल्प दिया गया है। इसके तहत नागरिक 15 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपने मकान और परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।
स्वगणना की अवधि समाप्त होने के बाद, 25 अप्रैल से 24 मई तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मकानों की गणना और सूचीकरण का कार्य पूरा करेंगे।
प्रशासन की योजना है कि जनपद के प्रमुख और जागरूक नागरिकों की स्वगणना प्रक्रिया को मीडिया कवरेज के साथ कराया जाए, ताकि आम जनता को इस प्रक्रिया के प्रति प्रेरित किया जा सके और अधिक से अधिक लोग डिजिटल स्वगणना का लाभ उठाएं।




