बिग ब्रेकिंग: धारी देवी मंदिर में अब नहीं होगी रीलबाजी । मोबाइल पर लग गई रोक। सही हुआ या गलत?
धारी देवी मंदिर परिसर में मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्णय
#DhariDevi #mobile #reels
धारी देवी मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा मंदिर समिति के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर आरती भंडारी ने की, जिसमें मंदिर परिसर की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और परिसर को व्यवस्थित रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि मंदिर परिसर की पवित्रता और अनुशासन बनाए रखने के लिए मंदिर क्षेत्र में मोबाइल फोन पूरी तरह से वर्जित रहेगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा मंदिर परिसर में सामान रखने हेतु लॉकर की व्यवस्था की जाएगी, जिससे दर्शन के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अतिरिक्त मंदिर में आने और जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने पर सहमति बनी, जिससे दर्शन व्यवस्था अधिक सुचारू और व्यवस्थित हो सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा, ताकि परिसर की धार्मिक गरिमा और स्वच्छता बनी रहे।
बैठक के दौरान मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि
“धारी देवी मंदिर हमारी आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। नगर निगम की प्राथमिकता है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और मंदिर परिसर की पवित्रता तथा गरिमा बनी रहे। इसके लिए मोबाइल फोन प्रतिबंध, लॉकर व्यवस्था, सिंगल विंडो सिस्टम और अतिक्रमण हटाने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम मंदिर परिसर को व्यवस्थित, स्वच्छ और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
इस मौके पर वार्ड के पार्षद राजेंद्र नेगी, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, अधिशासी अभियंता पवन कोठियाल, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, प्रवीण रावत, मंदिर समिति के सचिव विवेक पांडेय, रमेश चंद्र पांडेय सहित मंदिर समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

