✍️ मनमोहन भट्ट, ब्रह्मखाल (उत्तरकाशी)।
संसाधनों की कमी से जूझ रहे पर्वतीय क्षेत्र के बच्चों के लिए शिक्षा का नया उजाला लेकर आई श्री सत्य साईं सेवा संगठन की पहल। ब्रह्मखाल स्थित ज्ञानदीप विद्यालय के 25वें रजत जयंती वार्षिकोत्सव समारोह में संगठन ने बच्चों को डिजिटल और रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गेंवला ब्रह्मखाल में आयोजित समारोह का शुभारंभ यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान नन्हे विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। समारोह में देहरादून से पहुंचे श्री सत्य साईं सेवा संगठन ने ज्ञानदीप विद्यालय को कंप्यूटर, प्रिंटर, प्लंबिंग सामग्री एवं अन्य कौशल विकास उपकरण भेंट किए। अब विद्यालय के छात्र केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि तकनीकी और व्यवहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की ओर कदम बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के राज्य उपाध्यक्ष कैप्टन अजय स्वरूप ने कहा कि “पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, कमी है तो केवल अवसरों की—और इन्हीं अवसरों को सृजित करना संगठन का उद्देश्य है।” उन्होंने बताया कि संगठन बाल विकास, निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मानवीय मूल्य शिक्षा, चरित्र निर्माण, सेवा कार्य एवं आपदा राहत के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है।
विद्यालय प्रबंधक सुरेश रमोला ने कहा कि यह सहयोग पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा और उन्हें भविष्य में रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा।
मुख्य अतिथि विधायक संजय डोभाल ने विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की मांग को पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. स्वराज विद्वान (उपाध्यक्ष भाजपा उत्तराखंड), चिरंजीव सेमवाल (अध्यक्ष प्रेस क्लब उत्तरकाशी), विवेक सजवाण (अध्यक्ष जिला पत्रकार संघ), कृपाल सिंह (अध्यक्ष प्रधान संगठन डुण्डा), सौरभ रमोला (ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नवागांव), महावीर सिंह रावत (सामाजिक कार्यकर्ता), मनवीर भंडारी (अध्यक्ष व्यापार मंडल ब्रह्मखाल), आर.एस. असवाल (प्राचार्य रा. महाविद्यालय ब्रह्मखाल), गिरिराज सिंह रावत (प्रधान गेंवला), अनिल सिंह रावत (क्षेत्र पंचायत सदस्य), राजेश कुमार (प्रधानाचार्य), वीरेश मोहन सेमवाल (पीटीए अध्यक्ष), सुरेश चंद रमोला (संस्थापक), श्रीमती सोनिका रावत (अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति) सहित अनेकों गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।
समारोह का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि पर्वतीय अंचल के बच्चों को नैतिक मूल्यों से युक्त आधुनिक शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सक्षम नागरिक बनाया जाएगा।




