त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पड़े पदों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी,20 नवंबर को होगा मतदान।
देहरादून-12 नवंबर 2025
उत्तराखंड राज्य में हरिद्वार जिला छोड़ प्रदेश के बाकी 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पड़े तमाम पदों पर उपचुनाव कराया जाना है। जिसके चलते उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार 13 और 14 नवंबर को नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि रखी गई है ऐसे में 20 नवंबर को मतदान होगा। तो वहीं, 22 नवंबर को मतगणना की प्रक्रिया संपन्न होगी।
दरअसल, इसी साल अगस्त- सितंबर महीने में हुई त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद से ही हजारों पद खाली चल रहे है। त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पड़े पदों में सदस्य ग्राम पंचायत के 32,934 पद, प्रधान ग्राम पंचायत के 22 पद, सदस्य क्षेत्र पंचायत के दो पद और सदस्य जिला पंचायत के एक पद शामिल है। रुद्रप्रयाग जिले में एक पद सदस्य जिला पंचायत के खाली हैं। साथ ही उत्तरकाशी और चमोली जिले में एक- एक पद सदस्य क्षेत्र पंचायत के पद खाली है। जिन पदों पर कुछ महीने पहले हुए चुनाव के दौरान चुनाव नहीं हो पाए थे। ऐसे में इन खाली पदों को भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
वही, राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त सुशील कुमार ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत के सामान्य चुनाव के दौरान कुछ पद खाली रह गए थे। जिसमें सबसे अधिक 32,934 पद सदस्य ग्राम पंचायतों के साथ ही अन्य सदस्यों के पद रिक्त हैं। ऐसे में खाली पड़े इन पदों पर उपचुनाव कराए जाने को लेकर आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसी क्रम में जनपदों में जिला निर्वाचन अधिकारियों की ओर से अधिक सूचना जारी कर दी गई है। ऐसे में सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत और सदस्य क्षेत्र पंचायत पदों के नामांकन पत्र ब्लॉक स्तर पर जमा होंगे साथ ही सदस्य जिला पंचायत पद का नामांकन जिला मुख्यालय पर जमा किया जाएगा।
साथ ही बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री के बाद उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। साथ ही कहा कि उपचुनाव के दृष्टिगत जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि सदस्य ग्राम पंचायत के सबसे अधिक पद खाली हैं, ऐसे में जिन ग्राम पंचायत का गठन नहीं हुआ है वहां पर अधिक मतदान होने की संभावना है। ऐसे में मतदान पार्टियों का गठन तो कर ले, लेकिन नियुक्ति आदेश नामांकन के बाद जारी की जाए। ताकि ये स्पष्ट हो सके कि किन-किन स्थानों पर मतदान की जानी है। क्योंकि अधिकतर यही देखा गया है कि सदस्य ग्राम पंचायत निर्विरोध चुन लिए जाते हैं ऐसे में उस स्थान पर पोलिंग पार्टियों को भेजने की जरूरत नहीं होती है।
प्रदेश के 12 जिलों में इन पदों पर होने है उपचुनाव⤵️
✅अल्मोड़ा जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 6241 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 6 पदों पर उपचुनाव होना है।
✅उधमसिंह नगर जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 938 पदों पर उपचुनाव होना है।
✅चंपावत जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 1702 पदों पर उपचुनाव होना है।
✅नैनीताल जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 2268 पदों पर उपचुनाव होना है।
✅पिथौरागढ़ जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 2927 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 2 पदों पर उपचुनाव होना है।
✅बागेश्वर जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 1610 पदों पर उपचुनाव होना है।
✅उत्तरकाशी जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 1961 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 1 पद और सदस्य क्षेत्र पंचायत के एक पद पर उपचुनाव होना है।
✅चमोली जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 2812 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 6 पद और सदस्य क्षेत्र पंचायत के एक पद पर उपचुनाव होना है।
✅टिहरी जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 4170 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 2 पदों पर उपचुनाव होना है।
✅देहरादून जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 801 पदों पर उपचुनाव होना है।
✅पौड़ी गढ़वाल जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 6068 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 4 पदों पर उपचुनाव होना है।
✅रुद्रप्रयाग जिले में सदस्य ग्राम पंचायत के 1436 पदों, प्रधान ग्राम पंचायत के 1 पद और सदस्य जिला पंचायत के एक पद पर उपचुनाव होना है।
—–




