सहसपुर व्यापार मंडल की कमान विकास गुप्ता के हाथ, 12 मतों से दर्ज की जीत!
पंकज गुप्ता को हराकर बने अध्यक्ष, समर्थकों ने आतिशबाजी कर निकाला विजय जुलूस।
सहसपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की सहसपुर इकाई के अध्यक्ष पद पर विकास गुप्ता (रिंकू) ने जीत का परचम लहराया है। बुधवार को हुए रोमांचक चुनावी मुकाबले में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी पंकज गुप्ता (महावर) को 12 मतों से शिकस्त दी।
चुनाव में विकास गुप्ता को 128 मत मिले, जबकि पंकज गुप्ता को 116 मतों से संतोष करना पड़ा। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान हुआ।
दोपहर तीन बजे चुनाव परिणाम घोषित होते ही विकास गुप्ता के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और सहसपुर बाजार में विजय जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया।
विकास गुप्ता के अध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ ही सहसपुर व्यापार मंडल को नया नेतृत्व मिल गया है।

