छिद्दरवाला में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, धामी सरकार के खिलाफ जताया विरोध
चार मंत्रियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग
छिद्दरवाला, 19 नवंबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर रायवाला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को छिद्दरवाला में हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गणेश जोशी, महिला कल्याण मंत्री रेखा आर्य और सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
कांग्रेसजनों और स्थानीय निवासियों ने हस्ताक्षर कर संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव जयेन्द्र रमोला और रायवाला ब्लॉक अध्यक्ष गोकुल रमोला ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। जनता को सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही का अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि राणा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता गजेंद्र विक्रम शाही ने कहा कि सरकार को विपक्ष के सवालों को राजनीतिक विरोध मानने के बजाय उनकी गंभीरता से जांच करानी चाहिए। जिन मामलों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि हस्ताक्षर अभियान को आगे भी प्रदेशभर में जारी रखा जाएगा और एकत्रित हस्ताक्षरों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माध्यम से संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
इनकी रही मौजूदगी: सूरत सिंह रांगड़, विजय सिंह बिष्ट, रूकम पंवार, टीका राम व्यास, जय बहुगुणा, नरेंद्र सजवाण, सूरत सिंह चौहान, राकेश कंडियाल, सुरेंद्र सिंह राणा, राजेश बहुगुणा, हरिओम सिंह, कमल रावत, जगमोहन सिंह बिष्ट, विकेश पंवार, रघुनाथ, शुभम बिष्ट, अर्जुन सिंह रावत, अर्जुन रावत, राकेश सिंह, सबला देवी, देवानंद मन रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हस्ताक्षर कर विरोध दर्ज कराया।
रिपोर्ट: पवन सिंह लिंगवाल
रिपोर्ट पवन सिंह लिंगवा




