हरिपुर कला में शक्ति केंद्र सम्मेलन में शामिल हुए विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित सम्मेलन में संगठन की मजबूती और प्रदेश के विकास पर दिया जोर
ऋषिकेश/रायवाला। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल हरिपुर कला में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित शक्ति केंद्र सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, धार्मिक स्थलों और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
डॉ. अग्रवाल ने संगठन की मजबूती में शक्ति केंद्र संयोजकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं का माल्यार्पण कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। उनके परिश्रम और निष्ठा से पार्टी लगातार मजबूत हो रही है।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता मनोज जख्मोला, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, कांता प्रसाद, गणेश कुड़ियाल, राकेश भट्ट, लक्ष्मी जुगलान, मनोज शर्मा, विनोद भट्ट, सुरेंद्र रयाल, वैभव अरोड़ा, अजय पटेल, विक्रम नेगी, नवीन कुमार, सुनीता भंडारी, शिवानी भट्ट सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: पवन सिंह लिंगवाल




