एक्शन मोड में छात्रसंघ उपाध्यक्ष पुलकित, ACL बिल्डिंग के एक चैनल गेट का ताला तोड़ा
मूलभूत सुविधाओं पर रोक बर्दाश्त नहीं, छात्रों के हित में मजबूती से खड़े रहने की दी चेतावनी
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के नवनिर्वाचित छात्रसंघ उपाध्यक्ष पुलकित अग्रवाल पदभार ग्रहण करते ही छात्रों की समस्याओं को लेकर एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने बिरला परिसर स्थित एसीएल (ACL) बिल्डिंग के एक चैनल गेट पर लगे ताले को तोड़कर छात्रों के लिए रास्ता खुलवा दिया। उनका कहना है कि चैनल बंद होने से विद्यार्थियों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी।
छात्रसंघ उपाध्यक्ष पुलकित अग्रवाल ने बताया कि चुनाव से पहले भी छात्रम छात्र संगठन के प्रयासों से इन चैनलों को खुलवाया गया था, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोबारा इन्हें बंद कर दिया। मंगलवार को मौके पर फिर ताला लगा मिला तो छात्रम छात्र संगठन के साथियों के साथ पहुंचकर चैनल को दोबारा खुलवाया गया।
उन्होंने कहा कि छात्रों की मूलभूत सुविधाओं पर किसी भी तरह की रोक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब-जब विद्यार्थियों की सुविधाओं को प्रभावित करने का प्रयास होगा, वह छात्रों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र हित सर्वोपरि है और विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए।
एक दिन पहले उठाई थीं कई मांगें :
पुलकित अग्रवाल ने सोमवार को भी छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मोर्चा खोला था। उनके नेतृत्व में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति एवं कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय की प्रत्येक कक्षा को स्मार्ट क्लास में तब्दील करने, सभी गर्ल्स वॉशरूम में सैनिटरी पैड मशीन लगाने तथा शौचालयों की सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग की थी।
छात्रों ने कहा था कि आधुनिक शिक्षा के लिए स्मार्ट क्लास की सुविधा जरूरी है। वहीं, छात्राओं की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए गर्ल्स वॉशरूम में सैनिटरी पैड मशीन उपलब्ध कराई जानी चाहिए। शौचालयों की नियमित सफाई और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की गई थी।
ज्ञापन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने की बात छात्रसंघ उपाध्यक्ष ने कही थी। अब अगले ही दिन ACL बिल्डिंग के चैनल खोलने की कार्रवाई से छात्रसंघ उपाध्यक्ष के तेवर चर्चा में हैं।
आज इस मौके पर विनायक, अंशुल, सानिया सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।




