✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
जनपद उत्तरकाशी के श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर है। श्रम विभाग में लंबे समय से स्थायी श्रम प्रवर्तन अधिकारी का पद खाली होने के बाद अब बलवीर सिंह ने स्थायी रूप से श्रम प्रवर्तन अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। उनकी नियुक्ति से जिले के हजारों पंजीकृत एवं अपंजीकृत श्रमिकों में नई उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि लंबे समय से विभाग में कोई भी अधिकारी स्थायी रूप से तैनात नहीं था। जो अधिकारी आते थे, वे केवल अस्थायी व्यवस्था के तहत कार्यभार संभालते थे। इसका सीधा असर श्रमिकों के पंजीकरण, नवीनीकरण और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ पर पड़ रहा था। कई श्रमिक समय पर अपना पंजीकरण और नवीनीकरण नहीं करा पा रहे थे, जिससे वे योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते थे।
स्थायी नियुक्ति के बाद श्रमिकों ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी बलवीर सिंह का फूल-मालाओं एवं शॉल भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया और उनसे श्रमिक हितों में प्रभावी कार्य करने की अपेक्षा जताई।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्रम प्रवर्तन अधिकारी बलवीर सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता नए श्रमिकों का पंजीकरण, पुराने पंजीकरणों का समय पर नवीनीकरण तथा श्रम विभाग एवं सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र एवं पंजीकृत श्रमिकों तक पहुंचाना होगी। उन्होंने श्रमिकों से विभाग में आकर अपने दस्तावेज अद्यतन कराने और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
स्थायी अधिकारी की तैनाती से अब उत्तरकाशी में श्रम विभाग की कार्यप्रणाली में तेजी आने और श्रमिकों को समयबद्ध एवं प्रभावी सेवाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
इस दौरान कनिष्क सहायक श्रीमती पूनम भारत मजदूर संगठन के अध्यक्ष बृजपाल सिंह, संगठन सचिव सुनीता सैनी, श्रम सुविधा केंद्र से मनोज,प्रवीन संगठन सदस्य लखमा देवी, हरवीर चंद, सत्य प्रसाद, सतीश इत्यादि लोग मौजूद रहे।




