रुड़की।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ हुई कथित दुष्कर्म की जघन्य घटना के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने रुड़की के सिविल लाइंस स्थित चंद्रशेखर चौक पर जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
उक्रांद कार्यकर्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मासूम बच्चियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देने वाली हैं। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की त्वरित गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और दोष सिद्ध होने पर कानून के तहत कठोरतम दंड दिए जाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और महिलाओं व बालिकाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष दीपक लखवान ने किया। इस दौरान केंद्रीय सचिव शिवकुमार सैनी, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य शकुंतला सती, आनंद राज, आनंद चौधरी, संजीव वाल्मीकि, विमल शर्मा, आदेश चौधरी, शैलेंद्र जी, रितु कंडियाल सहित बड़ी संख्या में उक्रांद पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उक्रांद नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी जनहित में अपना आंदोलन और तेज करेगी।




