16 दिन से लापता नाबालिग युवती का शव ब्यासी में नदी से बरामद, परिजनों को सौंपा गया शव
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की वैधानिक कार्रवाई: पुलिस
ऋषिकेश में हुआ अंतिम संस्कार
श्रीनगर से पिछले 16 दिनों से लापता चल रही नाबालिग युवती मामले में बेहद दुखद अंत सामने आया है। देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि ब्यासी क्षेत्र में नदी से एक बालिका का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और शव को आवश्यक कार्रवाई हेतु एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर परिजन तत्काल ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। शिनाख्त होते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
गौरतलब है कि युवती पिछले 16 दिनों से लापता थी। उसकी तलाश में श्रीनगर पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही थीं। नदी किनारों सहित संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन की जा रही थी। मामले को लेकर वाल्मीकि समाज और स्थानीय लोगों ने हाल ही में श्रीनगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था तथा जल्द कार्रवाई की मांग उठाई थी।
श्रीनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।




