बैरागीवाला हत्याकांड: पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से मिले नीरज कश्यप, आर्थिक सहायता व नौकरी की उठाई मांग
देहरादून। बैरागीवाला हत्याकांड के पीड़ित परिवार को न्याय एवं आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर आज मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से मुलाकात की। इस दौरान ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री नीरज कश्यप ने पीड़ित परिवार की ओर से मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर मामले की विस्तृत जानकारी दी और परिवार की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
मुलाकात में भाजपा देहरादून ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता एवं ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री नीरज कश्यप मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल के साथ बैरागीवाला हत्याकांड से प्रभावित परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।
नीरज कश्यप ने मुख्यमंत्री को बताया कि 13 जून को बैरागीवाला में हुए जानलेवा हमले में विनोद कुमार की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे पूरी तरह विनोद कुमार पर आश्रित थे। उनकी मृत्यु के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की जाए तथा मृतक की पत्नी को मृतक आश्रित के आधार पर सरकारी नौकरी दी जाए, जिससे परिवार का भरण-पोषण सुचारू रूप से हो सके।
नीरज कश्यप सहित भाजपा नेताओं ने सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाए और मृतक की पुत्रवधू को ग्राम बैरागीवाला स्थित सरकारी विद्यालय में रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल और पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार परिवार की सहायता के लिए संवेदनशील है और यथासंभव शीघ्र मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने हत्याकांड में अभी तक फरार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा भी दिया।
इस दौरान नीरज कश्यप ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और उनके पुनर्वास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं तथा आगे भी परिवार के साथ खड़े रहेंगे।

