रुद्रप्रयाग की पहाड़ियों में सेना का ‘शिक्रा’ ड्रोन क्रैश, क्षेत्र में मची हलचल
हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना निकली गलत, जांच में जुटीं एजेंसियां
जनपद रुद्रप्रयाग के सारी क्षेत्र अंतर्गत बिजराकोट में गुरुवार को भारतीय सेना के परीक्षण एवं प्रशिक्षण में उपयोग होने वाला स्वदेशी ‘शिक्रा टारगेट ड्रोन’ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, ककोड़ाखाल-बिजराकोट मोटर मार्ग के समीप ड्रोन क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला। गुरुवार दोपहर करीब 2:36 बजे जिला प्रशासन को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि सारी गांव से लगभग 7 से 8 किलोमीटर ऊपर एक हवाई यान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। शुरुआती सूचना में हेलीकॉप्टर दुर्घटना की आशंका जताई गई थी, जिससे प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग तत्काल सक्रिय हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रीय स्रोतों से जानकारी जुटाने पर स्पष्ट हुआ कि दुर्घटनाग्रस्त वस्तु हेलीकॉप्टर नहीं बल्कि एक मानवरहित हवाई वाहन (यूएवी) है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त यूएवी स्वदेशी ‘शिक्रा टारगेट ड्रोन’ है, जिसका उपयोग भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना द्वारा विभिन्न हथियार प्रणालियों के परीक्षण एवं प्रशिक्षण गतिविधियों में किया जाता है। यह हाई-टेक ड्रोन रक्षा अभ्यासों के दौरान लक्ष्य (टारगेट) के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है।
घटना के बाद क्षेत्र में ड्रोन को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। फिलहाल ड्रोन के क्रैश होने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
तकनीकी खराबी, नियंत्रण प्रणाली में गड़बड़ी या कोई अन्य वजह – यह जांच का विषय बना हुआ है। विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
#ITBP
#Gaucher
#drone




