✍️ मनमोहन भट्ट, ब्रह्मखाल/उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद के जुणगा ग्राम पंचायत की डांगडा में एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते एक मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
इस दर्दनाक हादसे में अनिल सिंह भण्डारी पुत्र शीशपाल सिंह भण्डारी और महेश सिंह भण्डारी पुत्र शीशपाल सिंह भण्डारी का घर पूरी तरह नष्ट हो गया। घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना में सुमेर सिंह भण्डारी (पुत्र स्व० कृतम सिंह भण्डारी) और प्रमिला देवी (पत्नी सोहन सिंह भण्डारी) घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए तत्काल उत्तरकाशी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी गेंवला, NDRF और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।




