अल्मोड़ा में UKD की बड़ी बैठक: संगठन विस्तार, गैरसैंण राजधानी और पलायन जैसे मुद्दों पर फोकस
अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) की जिला इकाई अल्मोड़ा की महत्वपूर्ण बैठक आज शैलेश होटल में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रकोष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया, जहां संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से अल्मोड़ा जिले की सभी विधानसभाओं में संगठन विस्तार, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, मूल निवास 1950 लागू करने, महिला सुरक्षा, गांवों में समाप्त होती खेती के समाधान के लिए चकबंदी, तथा बढ़ते पलायन जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। साथ ही जल्द ही जिला कार्यालय खोलने को लेकर भी चर्चा की गई।
आगामी चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रूप से जाने का आह्वान किया गया। इस दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं—जागेश्वर विधानसभा के लिए पंकज सिंह कपकोटी, सोमेश्वर के लिए योगेश सिंह बिष्ट और अल्मोड़ा विधानसभा के लिए पान सिंह लटवाल को जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिला, युवा और महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी टीम बनाकर गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। साथ ही त्रिलोक सिंह लटवाल को केंद्रीय संगठन मंत्री बनाए जाने पर केंद्रीय कमेटी का आभार व्यक्त किया गया और उनका फूल-माला पहनाकर स्वागत करते हुए मिष्ठान वितरण किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी, केंद्रीय संगठन युवा प्रकोष्ठ मंत्री नरेंद्र सिंह बिष्ट, जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, महिला जिला अध्यक्ष दीपा जोशी, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रघुवर सिंह बागवानी, महानगर अध्यक्ष मोहित शाह, जिला उपाध्यक्ष सुजीत टम्टा, विक्रम सिंह बिष्ट, निशांत भट्ट, जिला मंत्री केदार सिंह, युवा प्रकोष्ठ महामंत्री रवि नेगी, सुभाष जोशी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




