विकासनगर में UKD का चुनावी बिगुल—‘हर घर चर्चा, हर घर पर्चा’ अभियान का ऐलान
विकासनगर स्थित उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के कैंप कार्यालय में आज विधानसभा चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी शहर अध्यक्ष अरविंद तोमर ने की, जिसमें कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया गया कि आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना अब विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता है।
बैठक में संभावित विधानसभा परिसीमन को लेकर भी गंभीर मंथन हुआ। पार्टी ने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में पर्वतीय क्षेत्रों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा और क्षेत्रीय अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा।
महिला शक्ति की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि राज्य के राजनीतिक बदलाव और विकास की दिशा तय करने में महिलाओं की भागीदारी निर्णायक साबित होगी। इसी कड़ी में UKD ने अपने विशेष जनसंपर्क अभियान ‘हर घर चर्चा, हर घर पर्चा’ की घोषणा की। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ आगामी रविवार, 26 तारीख को सुबह 11 बजे नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 से किया जाएगा।
बैठक में शैलेंद्र गुलेरिया, रवि दत्त उनियाल, सुरेंद्र सिंह नेगी, डॉ. सुरेश चंद्र गुसाईं, विजय डबराल सेमवाल, अनिल पंवार, महेंद्र सिंह बिष्ट, देवी प्रसाद उनियाल, दिनेश बागड़ी, विनोद रावत, श्रीमती अनिता कठैत, टीना उनियाल, श्वेता उनियाल, तुषार शर्मा और मंगल सिंह नेगी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में क्षेत्रीय अस्मिता और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।




